कांग्रेस की लोकप्रियता बढ़ाने लिए प्रियंका ने किया झूठ का नाटक


मृतप्राय कांग्रेस की लोकप्रियता बढ़ाने लिए प्रियंका ने किया झूठ का नाटक : डा. दिनेश शर्मा  

कानपुर। लखनऊ प्रवास के दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जो आरोप लगाए थे, उसको लेकर सूबे के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा का कहना है कि मृतप्राय पार्टी की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए कांग्रेस की नेता नाटक कर रही हैं। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सस्ती लोकप्रियता के लिए किसी को दुष्प्रचारित नहीं करना चाहिए।

दीनदयाल उपाध्याय सनातम धर्म विद्यालय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में आए डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी विशेष सुरक्षा प्राप्त हैं, ऐसे में उन्हें आरोप लगाने से पहले हर बात का ध्यान रखा जाना चाहिए। इतने बड़े नेता को इस तरह से गलत बयान नहीं देने चाहिए। मीडिया में बने रहने के और भी साधन हैं।


केवल भाजपा शासित राज्यों में हिंसा क्यों हुई
इसी के साथ नागरिकता संशोधन कानून को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि इसके विरोध में केवल भाजपा शासित राज्यों में हिंसा हुई। उन्होंने कहा कि यह सब सोची समझी रणनीति का हिस्सा था। कुछ दलों के साथ कुछ संगठन आदि भी इसमें शामिल थे। प्रदेश की संपत्ति का नुकसान करने के साथ ही सरकार की छवि खराब करने के प्रयास किये गए लेकिन यूपी में पुलिस ने धैर्य से हिंसा पर नियंत्रण किया, उन्होंने कहा कि यूपी में अब पूरी तरह शांति है। नागरिकता संशोधन कानून सभी की समझ में आ रहा है। देश में रहने वाले मुस्लिमों का इससे कोई लेनादेना नहीं है।


मेरठ एसपी को लेकर ये कहा
मेरठ एसपी के उपद्रवियों पर नियंत्रण पाने के दौरान दिए गए बयान को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि किसी को भी इस तरह के बयानों को देने से बचना चाहिए.। अधिकारियों को शब्दों पर संयम बरतना चाहिए। उन्होंने कहा कि वहां पर राष्ट्रविरोधी नारे लग रहे थे, अभी दोनों पक्षों की बातें सुनी जा रही हैं। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।