कानपुर। दादानगर स्थित फैक्ट्री में गुरुवार को एक कर्मचारी का शव फंदे पर लटकता मिला। साथी कर्मचारियों ने मैनेजर को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर जांच पड़ताल की। परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है।
बिल्हौर के चंद्रपुरा गांव निवासी रामशंकर का छोटा बेटा संजय कुमार (23) दादानगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री में काम करता था। यहां पर डिफेंस के कपड़ों की सिलाई का काम होता है। बुधवार को संजय रात की ड्यूटी में था और गुरुवार सुबह उसका शव फैक्ट्री में लटकता मिला। कर्मचारी जब काम पर पहुंचे तो गोदाम में पंखे से मफलर के सहारे संजय का शव फंदे से लटकता मिला। इस पर सभी शोर मचाते हुए भागे और मैनेजर को जानकारी दी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी और मौके पर पनकी एसओ अजय कुमार सिंह व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। जानकारी पाकर पहुंचे भाई अजय और विजय ने फैक्ट्री मालिक पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।